पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने राज्य के चयनित 155 मॉडल प्लस-2 विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही राज्य के 700 मॉडल विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ‘विद्या साथी’ इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि 145 मॉडल विद्यालयों में JEE और NEET की ऑनलाइन कोचिंग शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार विषयवार वीडियो विद्यालयों में स्मार्ट टीवी और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को दिखाए जा रहे हैं। आने वाले समय में मुख्यालय में तैयार होने वाले आधुनिक स्टूडियो के जरिए इन विद्यालयों में लाइव क्लास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, ‘विद्या साथी’ ऐप के जरिए 700 मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों को 24 घंटे लाइव उपलब्ध शिक्षकों से विषय संबंधी सवाल पूछने और अपने डाउट क्लियर करने की सुविधा मिलेगी।
विद्यार्थियों को PDF मैटेरियल और नोट्स बनाने की सुविधा भी दी जाएगी। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर विद्यार्थियों के अकाउंट जल्द खोलने और उन्हें ऐप से जोड़ने के निर्देश दिए। बोर्ड का लक्ष्य है कि इन सुविधाओं के जरिए बिहार के अधिक से अधिक विद्यार्थी JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
