दिल्ली, सोनू कुमार : पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने आज नई दिल्ली में ‘अपनापन- नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखी गई है।
इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्री और राजधानी के कई लोकसभा सांसद भी शामिल हुए।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि सभी को, विशेषकर उभरते हुए राजनेताओं को, इस पुस्तक को अवश्य पढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी राज्यों के नेताओं से भी इस पुस्तक को पढ़ने और यह समझने का आग्रह किया कि कैसे दो मुख्यमंत्रियों ने राज्यों के विभिन्न मुद्दों को सुलझाने के लिए मिलकर काम किया।
वहीं, श्री देवेगौड़ा ने कहा कि यह पुस्तक एक सामान्य राजनीतिक जीवनी नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि श्री मोदी और श्री शिवराज ने जनता के कल्याण के लिए कैसे मिलकर काम किया। उन्होंने पुस्तक के लिए श्री चौहान को बधाई भी दी।
इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके दशकों के अनुभव पर आधारित है। एकता यात्रा के दौरान श्री मोदी के साथ अपने अनुभव को याद करते हुए श्री चौहान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर श्री मोदी ने देश के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दिखाई। जब श्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब के अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने-अपने राज्यों के नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम किया।
कार्यक्रम के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोक-कल्याण और जनभागीदारी किसी नेतृत्व की शक्ति बन जाते हैं, तब राष्ट्र निर्माण का एक नया इतिहास रचा जाता है। यह पुस्तक उसी सेवा भाव और राष्ट्र कल्याण का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक करोड़ों कार्यकर्ताओं और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय प्रत्येक राष्ट्रसेवक के लिए महान प्रेरणा सिद्ध होगी।
वहीं, कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि पुस्तक ‘अपनापन’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शिवराज सिंह चौहान के अनेक अनुभव संकलित हैं, और ये अनुभव निश्चित रूप से सभी के लिए जीवन के सबक साबित हो सकते हैं।
