पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार में शराबबंदी के बीच अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग के अनुसार, पटना में पहली बार शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी के लिए अधिकारी से लेकर सिपाही तक पूरी महिला टीम को लगाया गया। महिला टीम ने पटनासिटी, दीघा और पत्रकार नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 109.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान तीन कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक आई-10 कार भी जब्त की गई।
उत्पाद विभाग के अनुसार, पहली कार्रवाई पटनासिटी रेलवे स्टेशन के पास एक खटाल के बगल में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 26.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से पटनासिटी निवासी पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने बरामद शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई है।
इसके बाद महिला टीम ने दीघा थाना क्षेत्र के रामजीचक में कार्रवाई की। यहां एक आई-10 कार की तलाशी के दौरान 60.48 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के साथ कार को जब्त करते हुए मनेर निवासी सुमित कुमार को गिरफ्तार किया गया। विभाग के अनुसार, बरामद शराब की कीमत करीब 75 हजार रुपये है।
तीसरी कार्रवाई पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के मलाही पकड़ी में की गई। यहां से 22.32 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मामले में मलाही पकड़ी निवासी आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने बरामद शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई है।
तीनों कार्रवाई का नेतृत्व मद्य निषेध विभाग की प्रशिक्षु अधीक्षक शैवी दूबे ने किया। टीम में सब इंस्पेक्टर सोनम कुमारी, निशा कुमारी, दीपाली कुमारी और नीलू कुमारी तथा एएसआई नेहा कुमारी, अस्मिता कुमारी, चंचल कुमारी, विदुता कुमारी, उपमा कुमारी और संगीता कुमारी शामिल थीं। वहीं सिपाही अनुराधा, खुशबू, चंदा, राजंती और बेबी कुमारी ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया। उत्पाद विभाग के अनुसार, यह पहली बार है जब पटना में शराब तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई में अधिकारी से लेकर सिपाही तक पूरी महिला टीम को लगाया गया। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
