पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : संविधान हत्या दिवस के मौके पर गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया कि जेपी आंदोलन के हर सेनानी और लोकतंत्र रक्षक को उचित सम्मान दिया जाएगा। छूटे हुए नामों को जोड़ने के लिए समिति का गठन होगा।

दीप प्रज्ज्वलन से शुरुआत, जेपी सेनानी सम्मानित
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों नेताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और जेपी सेनानियों को सम्मानित किया।
आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 वर्ष पूर्व देश ने लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात देखा था। आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय था जब संविधान को कुचलने का प्रयास हुआ। इसी स्मृति में संविधान हत्या दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निष्ठा से काम कर रही है।
गरीबों को पक्का घर, 125 यूनिट मुफ्त बिजली
सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया पर गरीबों को ही हटा दिया। PM मोदी ने गरीबों को पक्का घर, मुफ्त राशन और गांव-गांव बिजली दी। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में घर-घर बिजली पहुंची। अब राज्य में 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। PM सूर्य घर योजना से 25 लाख गरीब परिवारों को जोड़ा जाएगा।
भोजपुर घटना पर न्यायिक आयोग, शिकायतों पर सख्ती
भोजपुर की घटना पर सीएम ने कहा कि उच्चस्तरीय न्यायिक आयोग बना है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। जन शिकायतों के लिए जवाबदेही प्रणाली लागू है: 10 दिन में समाधान नहीं तो पहला नोटिस, 20 दिन पर दूसरा, 25 दिन पर तीसरा और 30 दिन में निष्पादन नहीं होने पर निलंबन का नोटिस। अब तक 3 लाख 70 हजार आवेदनों में से 3 लाख 20 हजार का निष्पादन हुआ। 1200 आवेदन स्वतंत्रता सेनानियों के भी थे।
जेपी सेनानियों की पेंशन दोगुनी की थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की विरासत को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। नीतीश सरकार में वित्त मंत्री रहते उन्होंने जेपी सेनानियों की पेंशन दोगुनी की थी। अब छूटे हुए पात्र सेनानियों को सम्मान और सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। अगली 25 जून को बचे हुए सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।
जेपी नड्डा को बताया बिहारी
CM ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि वे छात्र जीवन से ही आपातकाल विरोधी आंदोलन से जुड़े रहे हैं। बिहार के लोगों से उनका विशेष आत्मीय संबंध है, हमलोग उन्हें बिहारी ही मानते हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, गिरिराज सिंह, जेपी सेनानी रघुपति जी और राजाराम पाण्डेय ने भी संबोधित किया। सांसद राधामोहन सिंह, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, डॉ दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, भीखू भाई दलसानिया, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत कई विधायक, MLC और जेपी सेनानी उपस्थित थे।
