पटना, अजित। पटना-गया मुख्य मार्ग पर श्री टोला पावर ग्रिड के समीप तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल वृद्ध की पहचान श्री टोला निवासी 71 वर्षीय रामप्रवेश राय के रूप में हुई है. उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है. घटना गुरुवार की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे रामप्रवेश राय अपने घर से सड़क पार कर किराना सामग्री लाने जा रहे थे. इसी दौरान पटना की ओर से गौरीचक की तरफ तेज गति से जा रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वृद्ध सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल वृद्ध को उठाकर इलाज के लिए एनएमसीएच पटना के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे में बाइक चालक को भी हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामप्रवेश राय का मकान पटना-गया मुख्य सड़क के किनारे स्थित है. वह सड़क पार कर पूरब दिशा में स्थित दुकान से किराना सामग्री लेने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी संजीव शरद उर्फ गुड्डू सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएमसीएच की आपातकालीन व्यवस्था पूरी तरह संतोषजनक नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार सड़क दुर्घटना के घायलों के मुफ्त एवं त्वरित इलाज की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई समस्याएं सामने आती हैं। समाजसेवी संजीव शरद उर्फ गुड्डू सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के इलाज के लिए सभी सरकारी एवं निबंधित निजी अस्पतालों में अलग से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि घायलों को समय पर समुचित उपचार मिल सके।
