पटना, विक्रम कुमार : जल संसाधन विभाग में बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह हुआ। उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सिंचाई भवन सभागार में 15 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
किन्हें मिली नौकरी?
कुल 15 नियुक्तियों में 6 नवनियुक्त सहायक अभियंता, अनुकम्पा के आधार पर 6 निम्नवर्गीय लिपिक और 3 कार्यालय परिचारी शामिल हैं।
दीप जलाकर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत डिप्टी सीएम विजय चौधरी, विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और अन्य वरीय अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर की। अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने सभी का स्वागत किया।
“अब आप विभाग के अभिन्न अंग- डिप्टी सीएम
नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा, “आज से आप सभी जल संसाधन विभाग परिवार का अभिन्न अंग बन गए हैं। विभाग मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्रों में काम करता है और किसानों व आम जनता को सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा जैसी अहम सेवाएं देता है। आप सभी से अपेक्षा है कि पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से अपने दायित्व निभाएं।”
उन्होंने सहायक अभियंताओं से खास तौर पर कहा कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि फील्ड में तैनात अफसरों-कर्मियों की सक्रियता से ही विभाग की छवि मजबूत होती है।
अनुकम्पा नियुक्ति को बताया संवेदनशीलता
अनुकम्पा पर नियुक्त कर्मियों से डिप्टी सीएम ने कहा कि यह विभाग की संवेदनशीलता है कि सेवाकाल में किसी कर्मचारी के निधन के बाद उनके आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति दी जाती है। उन्होंने इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने वाले क्षेत्रीय और मुख्यालय के अधिकारियों की सराहना भी की।
सचिव बोले- उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा
विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भी सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी। कहा, आपसे उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है। दायित्व निर्वहन में विभाग पूरा सहयोग करेगा।
समारोह में अभियंता प्रमुख ब्रजेश मोहन, तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, संयुक्त सचिव अजय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
