पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार सरकार राज्य के गन्ना किसानों की आय वृद्धि, गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता में विस्तार तथा चीनी उद्योग के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जून को सचिव, सहकारिता विभाग-सह-गन्ना उद्योग विभाग, श्री धर्मेंद्र सिंह ने गोपालगंज जिले स्थित भारत शुगर मिल्स, सिधवलिया का निरीक्षण एवं समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने चीनी मिल प्रबंधन, विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा गन्ना किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गन्ना किसानों का डिजिटल एवं भौतिक सर्वेक्षण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा किसानों के बकाया ईख मूल्य का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
सचिव ने राज्य में गन्ने के रकबे, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिए आधुनिक कृषि यंत्रीकरण, उन्नत तकनीकों एवं किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को नवीन तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं से जोड़कर गन्ना खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
किसानों के साथ संवाद के दौरान नीलगाय (घोड़पड़ास) द्वारा गन्ने की फसलों को पहुँचाए जा रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इस पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी नियंत्रण उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, खेतों में जल जमाव की समस्या को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया, ताकि किसानों को फसल क्षति से बचाया जा सके।
इस अवसर पर सचिव श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि विभाग उन जिलों में नई चीनी मिलों की स्थापना की संभावनाओं पर भी कार्य कर रहा है, जहाँ वर्तमान में कोई चीनी मिल संचालित नहीं है। इससे किसानों को बेहतर विपणन सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार, किसान एवं चीनी मिल प्रबंधन विकास की एक सशक्त साझेदारी हैं और इनके समन्वित प्रयासों से ही राज्य में गन्ना एवं चीनी उद्योग को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। बिहार सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान तथा उद्योग के सतत विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। बैठक में विभाग एवं चीनी मिल के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित क्षेत्रीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
