बिहार

घने कोहरे और प्रचंड ठंड का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन से यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठिठुरन

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 9 जनवरी को लेकर देश के कई हिस्सों में घने कोहरे और प्रचंड ठंड का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है, जिसके असर से अगले 48 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है. इस सिस्टम का प्रभाव उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड को और तीखा कर सकता है।

मौसम विभाग की 17:30 बजे जारी प्रेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि वातावरण में नमी बेहद ज्यादा बनी हुई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत रही. गयाजी में अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री, भागलपुर में 15.2 डिग्री और पूर्णिया में महज 13.6 डिग्री दर्ज किया गया।

राज्य में सबसे ठंडा इलाका वाल्मीकि नगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया और आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई. सुपौल में तापमान 13.2 डिग्री, दरभंगा और मधेपुरा में 13.6 डिग्री, समस्तीपुर में 13.5 डिग्री और बक्सर में 13.0 डिग्री दर्ज किया गया. इन जिलों में ठंड के साथ घने कोहरे की स्थिति बनी रही।

Advertisements
Ad 1

हालांकि राज्य के किसी भी जिले में 8:30 से 17:30 बजे तक वर्षा दर्ज नहीं की गई, लेकिन अत्यधिक नमी और कोहरे के कारण दिनभर कनकनी बनी रही. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आने वाले दिनों में बादल बढ़ सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन सकती है, जिससे ठंड और शीतलहर का असर और तेज होगा. मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

खासकर सुबह और रात के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. वहीं ठंड और नमी के चलते बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई है. कुल मिलाकर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण यूपी-बिहार में आने वाले 48 घंटे ठंड के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं और फिलहाल ठिठुरन से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

Related posts

दिव्यांगजनों के लिए UDID कार्ड बनाने के लिए शेखपुरा में विशेष शिविर

देवेंद्र कुमार उर्फ छोटू मुखिया हत्याकांड में सांसद राजाराम सिंह समेत सभी आरोपी बरी

हथियार का भय दिखाकर नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को आजीवन कारावास

error: