जमुई, मो.अंजुम आलम। जमुई लगातार दूसरी बार गोलीबारी से जमुई दहल चुका है। कुछ देर पहले ही अपराधियों ने अमरथ गांव निवासी दिवाकर यादव की गोली मारी गई थी जिसे ज्यादा अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया था इस घटना के कुछ देर के बाद ही फिर इस बार शहर के बायपास रोड में कोर्ट के मुंशी अभय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। लोग दहशत के साए में आ गए हैं। सूचना के बाद टाउन थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक के पुत्र व अन्य स्वजन से घटना की विस्तार पूर्वक जानकारी ली गई।
उंसके बाद अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र रवि कुमार ने बताया कि वह अपने पिता के साथ घर पर थे किसी काम से उनके पिता अभय सिंह घर से बाहर निकल ही रहे थे। इसी दौरान एक युवक आया और उनके पिता को बेल नहीं होने की बात कहने लगा।जैसे ही उनके पिता दरवाजा के पास पहुंचे तभी उक्त युवक ने उनके पिता के छाती में गोली मार दी। उसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन- फानन में उनके पिता को सदर अस्पताल लाया गया
जहां डाक्टर मृत्युंजय कुमार ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आगे रवि कुमार ने बताया कि गोली मारने वाले युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन उन्होंने घटना का कारण अपने पड़ोसी से चल रहे जमीनी विवाद बताया है। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी अमित सिंह उर्फ सिंटू लाल के साथ पूर्व से जमीनी विवाद चल रहा है उन्हीं के द्वारा हत्या कराई गई है। वहीं पुलिस घटना की बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
