पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष में आयोजित ‘व्यवसायिक समागम’ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की थीम ‘व्यवसाय, राजनीति और विकास’ थी। सीएम ने कहा कि हर तीन माह पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला स्तर पर व्यवसायियों के साथ नियमित बैठक करेंगे।

“पॉलिसी में बदलाव चाहिए तो उद्योग मंत्री से मिलें”
सीएम ने कहा कि उद्योगपतियों को अगर औद्योगिक नीति में किसी भी स्तर पर बदलाव की जरूरत लगे तो उद्योग मंत्री से मिलें। आपके अनुसार पॉलिसी बनायी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 में जरूरत पड़ी तो और संशोधन होगा।
“इंडस्ट्री आएगी तभी बिहार बदलेगा”
सीएम बोले- बिहार में इंडस्ट्री आएगी तभी बिहार की तस्वीर बदलेगी। सबका विकास तभी हो पाएगा जब सभी की समृद्धि होगी। बिहार के इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का यहां पर विश्वास बने रहना जरूरी है। आपकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
24 घंटे में कार्रवाई, अपराधी का कोई धर्म नहीं
सीएम ने कहा कि अब कहीं भी अपराध होता है तो 24 घंटे के अंदर कार्रवाई होती है। बिहार में कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता। अपराधी का कोई जाति-धर्म नहीं होता। व्यवसायियों की सुरक्षा की चिंता सरकार करेगी।
पाटलिपुत्र में जमीन का नेचर बदलेगा
सीएम ने कहा कि पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र या पुराने शहरों में उपलब्ध जमीन पर बिजनेस का नेचर बदला जा सकता है। सर्विस, IT, होटल सेक्टर में इस्तेमाल हो सकेगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर: 126 किमी मरीन ड्राइव, 5 नए पुल
सीएम ने बताया कि अगले तीन वर्षों में गंगा और सोन नदी पर 126 किमी लंबा मरीन ड्राइव बनेगा। उत्तर-दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए 5 सेतु बन रहे हैं। राघोपुर ब्रिज अगले महीने शुरू होगा। सोन नदी पर बराज बनेगा ताकि दक्षिण बिहार में सूखे से निपटा जा सके।
सहयोग शिविर: 30 दिन में काम नहीं तो अफसर सस्पेंड
सीएम ने कहा कि प्रखंड, थाना और अंचल स्तर पर सहयोग शिविर शुरू किए हैं। हेल्पलाइन 1100 जारी है। 30 दिन में आवेदन का निष्पादन नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित होंगे।
14000 एकड़ जमीन अधिग्रहित, 6 लाख करोड़ का निवेश
सीएम ने कहा कि लैंडलॉक्ड स्टेट की समस्या दूर करने के लिए 2024 से 14000 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई। 6.5 लाख एकड़ पर नई ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनेंगी, जिस पर 6 लाख करोड़ निवेश होगा। ग्रामीण इलाकों को जमीन के बदले चार गुना मुआवजा मिलेगा।
534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल, IPL टीम की मांग
CM ने कहा कि 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खुलेंगे। पटना में 10, जिला मुख्यालयों में 5 मॉडल स्कूल होंगे। BCCI से आग्रह करेंगे कि बिहार की भी IPL टीम बने।
कार्यक्रम में चैंबर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने CM को सम्मानित किया। CM ने कौशल विकास केंद्र का मुआयना कर महिलाओं से बात की।
