पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण के उद्देश्य से रविवार को पटना साहिब स्थित कंगन घाट पर Being Helper Foundation द्वारा विशेष गंगा घाट स्वच्छता एवं पूजन सामग्री पुनर्चक्रण अभियान चलाया गया। अभियान में पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा, संस्था के सैकड़ों स्वयंसेवक, स्थानीय नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। अभियान के दौरान घाट परिसर एवं गंगा तट से लगभग 1200 किलोग्राम पूजा अवशेष, पुराने वस्त्र, प्लास्टिक, पॉलीथीन समेत अन्य ठोस कचरे को एकत्रित किया गया। एकत्रित कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर उसके उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रखा गया। वर्षों से जमा पूजन सामग्री को भी रीसाइक्लिंग के लिए संग्रहित किया गया।
इस अवसर पर विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और सभ्यता की पहचान है तथा इसकी स्वच्छता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने Being Helper Foundation के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। संस्था के संस्थापक शुभम कुमार ने कहा कि गंगा संरक्षण केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनर्चक्रण की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर जमा कचरे को संसाधन में बदलना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है और जनसहभागिता से ही स्वच्छ एवं निर्मल गंगा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “स्वच्छ घाट – स्वच्छ गंगा – स्वच्छ भविष्य” के संदेश के साथ हुआ।
