फुलवारीशरीफ, अजीत। दानापुर के मुरारचक जमसौत स्थित नॉबल माइंड्स प्रोग्रेसिव स्कूल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. बच्चों ने हाथों में स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पूरे इलाके का भ्रमण किया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चे ‘स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें’, ‘गंदगी को दूर भगाएं, स्वच्छता को अपनाएं’ और ‘कूड़ा कचरे में डालें, अपने आसपास स्वच्छ रखें’ जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे. बच्चों ने लोगों से अपने घर, सड़क, स्कूल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की. उन्होंने लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बच्चों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है. बच्चों ने लोगों को बताया कि साफ-सफाई रखने से कई तरह की बीमारियों से बचाव होता है और आसपास का वातावरण भी स्वस्थ एवं सुंदर बना रहता है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करना है. बच्चों की रैली के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
रैली में विद्यालय के संचालक उमेश कुमार चौधरी, निदेशक जितेंद्र कुमार, प्राचार्य रामचंद्र प्रसाद, उप प्राचार्य सानोज कुमार, अकादमिक इंचार्ज अजय कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. शिक्षक अभिषेक कुमार, जूली कुमारी, अंजली कुमारी, मोनिका कुमारी, दीपशिखा कुमारी, अनीता राज, दीवाकर कुमार, शैलेंद्र कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने रैली के दौरान बच्चों का मार्गदर्शन किया।
