पटना, सुनील कुमार : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना जिले के मोकामा में परशुराम स्थान परिसर में 18.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया। साथ ही परशुराम मेले का उद्घाटन भी किया।
‘अगले वर्ष बेहतर सुविधाएं हों’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम की जयंती पर सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कमर्शियल एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करें। उन्होंने अपेक्षा जताई कि अगले वर्ष जब परशुराम मेला आयोजित हो तो श्रद्धालुओं के लिए और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में जब वे उप मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने इस मेले परिसर का निरीक्षण किया था और मेले के विस्तार व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्य कराने को कहा था।
मोकामा में उद्योग विकास की संभावना :
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोकामा एक महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में उद्योग विकसित करने के लिए जमीन चिह्नित करें। यहां हैवी इंडस्ट्री के विकास की काफी संभावनाएं हैं। सस्ती जमीन चिह्नित कर अधिग्रहण कर उद्योग के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए।
मोकामा अस्पताल को बेहतर बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मोकामा विधायक श्री अनंत कुमार सिंह ने मोकामा अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया है। सरकार इस अस्पताल को बेहतर बनाने के लिए काम करेगी।
तिरुपति मंदिर का भी हो रहा निर्माण :
सीएम ने मोकामावासियों को बधाई देते हुए कहा कि यहां तिरुपति भगवान के मंदिर की भी कल्पना की गई है और उसका निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने अनीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उनके आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने इस क्षेत्र में पुल, फोरलेन सहित कई बुनियादी ढांचे विकसित किए हैं।
ये रहे उपस्थित :
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी संबोधन किया। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ० चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से विधायक श्री अनंत कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालुगण जुड़े। कार्यक्रम में परशुराम स्थान परिसर की कमर्शियल बिल्डिंग से संबंधित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
