फुलवारीशरीफ, अजित। संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 06 के शाहपुर में लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है. निर्माणाधीन सड़क का जायजा लेने नगर परिषद संपतचक के अध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे. उनके साथ अध्यक्ष प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मौके पर वार्ड संख्या 06 के पार्षद प्रतिनिधि ने अध्यक्ष अमित कुमार को निर्माणाधीन सड़क का भ्रमण कराया और अब तक हुए कार्य की जानकारी दी. अध्यक्ष ने सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण करने के साथ संबंधित लोगों से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
अध्यक्ष अमित कुमार ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि लंबे समय तक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
शाहपुर में सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिसके कारण आवागमन में परेशानी होती थी. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है. सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
