पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना ने भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास गणना) के अंतर्गत आज से शुरू हुई स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में भाग लेकर जिले में इस महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया बेहद सरल है और इसके लिए सरकार द्वारा सार्वजनिक डोमेन में फ्लोचार्ट जारी किया गया है। नागरिक https://se.census.gov.in/� पोर्टल के माध्यम से 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है और इसके आंकड़े विकास योजनाओं की दिशा तय करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना का पहला चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास गणना) 2 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा। इससे पहले 15 दिनों की विशेष सुविधा के रूप में स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। पटना समाहरणालय के अधिकारी और कर्मचारी भी इस पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर निकायों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण जारी है। प्रशिक्षण में घर-घर जाकर डेटा संग्रहण, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही डिजिटल उपकरणों के माध्यम से डेटा एंट्री की भी जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी नीतियों और योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन हो सके। उन्होंने कहा कि यह जनगणना विशेष है क्योंकि पहली बार डेटा संग्रहण पूरी तरह डिजिटल माध्यमों से किया जाएगा।
आंकड़ों पर एक नजर :
कुल 46 चार्ज जनगणना अधिकारी
12,071 प्रगणक
2,031 पर्यवेक्षक
222 फील्ड ट्रेनर
पटना जिला में 23 प्रखंड, 11 नगर परिषद, 5 नगर पंचायत और दानापुर छावनी परिषद को शामिल किया गया है। वहीं पटना नगर निगम क्षेत्र में 75 वार्डों के लिए 3,376 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 13 सदस्यीय जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (DLCCC) सक्रिय है और जिला जनगणना कोषांग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। सभी पदाधिकारियों को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
