पटना, न्यूज़ क्राइम 24 : बिहार एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराने जा रहा है। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह Cannes Film Festival की शुरुआत आज से हो रही है, जिसमें बिहार की फिल्ममेकर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर Shruti Anindita Vermaa अपनी फीचर फिल्म IDOL के साथ शामिल हो रही हैं। खास बात यह है कि यह फिल्म बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी शूटिंग भी बिहार में ही की गई है।
फिल्म “IDOL” का निर्देशन और लेखन Amitabh S Verma ने किया है, जबकि सह-निर्देशन Shruti Anindita Vermaa ने किया है। श्रुति ने इस फिल्म को प्रोड्यूस भी किया है। अमिताभ एस वर्मा इससे पहले कई पुरस्कार विजेता भारतीय फिल्मों के लेखक और गीतकार के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। श्रुति अनिंदिता वर्मा ने कहा कि कान्स तक अपनी फिल्म लेकर पहुंचना किसी सपने के सच होने जैसा है।
उन्होंने बताया कि इस फिल्म से जुड़ी 99 प्रतिशत टीम बिहार की है, जिसने मिलकर इस परियोजना को सफल बनाया है। उन्होंने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया। फिल्म में मुख्य भूमिका बिहार के 17 वर्षीय अभिनेता Aarush Varma निभा रहे हैं। आरुष इससे पहले OMG 2 में अभिनेता Pankaj Tripathi के बेटे की भूमिका के लिए चर्चित रहे हैं। जानकारी के अनुसार, फिल्म “IDOL” का पोस्टर और प्रोमो कान्स फिल्म फेस्टिवल में लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद फिल्म को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में प्रदर्शित किया जाएगा और फिर सिनेमाघरों एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।
