पटना, विक्रम कुमार : स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने मंगलवार को PMCH के टॉवर-3 के प्रथम तल पर नए रेडियोलॉजी विभाग का शुभारंभ किया। अब मरीजों को एक ही छत के नीचे अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। मंत्री ने रेडियोलॉजी विभाग का निरीक्षण कर त्वरित जांच सेवाओं के लिए अस्पताल प्रशासन की सराहना की।

स्वास्थ्य मंत्री के 7 सख्त निर्देश:
- मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई रेगुलर हो:
“मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।” - महंगे उपकरण तुरंत चालू करें:
अस्पतालों में स्थापित आधुनिक एवं महंगे चिकित्सा उपकरणों को शीघ्र क्रियाशील बनाने और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश। - OPD में डॉक्टरों की हाजिरी अनिवार्य:
चिकित्सकों से कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, OPD में नियमित उपस्थिति और मरीजों को बेहतर सेवा देने का आग्रह। - स्वच्छता-भोजन-बिजली पर फोकस:
बेडशीट नियमित बदलें, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन दें, ICU की सफाई, निर्बाध बिजली और सुरक्षा कर्मियों का संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें। - बिचौलिये-बंद, अवैध वसूली पर रोक:
ट्रॉली-व्हीलचेयर पर्याप्त रखें। “अस्पताल परिसर से बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने तथा मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।” किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं। - PMCH में बन रहा मेगा अस्पताल:
स्पाइन-नर्व स्पेशियलिटी यूनिट, 5400 बेड का नया अस्पताल भवन, आधुनिक ट्रॉमा सेंटर, फुली ऑटोमेटेड लैब, डिजिटल बेड डिस्प्ले सिस्टम पर काम चल रहा है। - प्राचार्य की गैरहाजिरी पर फटकार:
समीक्षा बैठक में पटना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की अनुपस्थिति पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। “पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की सूचना होने के बावजूद बैठक में अनुपस्थित रहना गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है।” कार्रवाई की बात कही।
मंत्री का निरीक्षण राउंड:
स्वास्थ्य मंत्री ने NICU-PICU वार्ड, इमरजेंसी, कैथ लैब, CCU, दवा वितरण केंद्र और सर्जिकल दवा भंडार का निरीक्षण किया। मरीजों के परिजनों से बात कर फीडबैक लिया। सचिव श्री कुमार रवि, BMSICL के MD श्री सुब्रत कुमार सेन, अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह मौजूद रहे।
