बिहार

बिहार बोर्ड में पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र शुरू, ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र (Enquiry-cum-Grievance Redressal Centre) की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन बुधवार को मिथिलेश तिवारी ने समिति के सिन्हा लाइब्रेरी रोड स्थित मुख्य भवन एवं बुद्ध मार्ग स्थित अकादमिक भवन में किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने शिकायतों के ऑनलाइन निपटारे के लिए grievance.biharboardonline.com पोर्टल भी लॉन्च किया। इस पोर्टल के माध्यम से आवेदक अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ उसकी स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। शिकायत के समाधान के बाद आवेदक को SMS एवं पोर्टल के माध्यम से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों एवं आमजनों की शिकायतों के समाधान के लिए मजबूत शिकायत निवारण प्रणाली विकसित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से छात्रों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों को काफी राहत मिलेगी तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

वहीं आनंद किशोर ने बताया कि पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से दोनों भवनों में शिकायत निवारण केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि आवेदकों को बेहतर सुविधा मिल सके। समिति द्वारा प्रत्येक केंद्र में पांच काउंटर बनाए गए हैं। इनमें मैट्रिक, इंटरमीडिएट, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, शैक्षणिक संबद्धता एवं छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों के अलावा अन्य प्रशासनिक शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। समिति ने दावा किया है कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक शिकायत को यूनिक रेफरेंस नंबर दिया जाएगा तथा संबंधित शाखा को शिकायत ऑनलाइन भेजी जाएगी। समिति के अनुसार इस पहल से शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी। साथ ही छात्रों एवं अभिभावकों को बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता भी कम होगी।

Related posts

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 118 वीं जयंती समारोह संपन्न हुआ

बिहार और पश्चिम बंगाल सहित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर पूरा

नेशनल हाईवे सुरक्षा के लिए 58 नई गश्ती गाड़ियों को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

error: