फुलवारीशरीफ, अजित। बेउर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के दशरथा सिपारा इलाके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने इस दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है तथा शराब ढुलाई में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कार के माध्यम से अंग्रेजी शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर बेउर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस दौरान एक आई-10 कार संख्या बीआर01सीसी4549 तथा क्रेटा गाड़ी संख्या बीआर28एल5491 से 180 एमएल की कुल 426 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई. जब्त शराब की कुल मात्रा 76.68 लीटर बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपू कुमार, पिता चंद्रमोहन चौधरी, निवासी दमड़िया, थाना गर्दनीबाग तथा आकाश कुमार, पिता चंद्रिका साहनी, निवासी भिखाचक, थाना गर्दनीबाग, पटना को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर शराब डिलीवरी में प्रयुक्त आई-20 कार संख्या बीआर01बीई2020 को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से वाहनों के कागजात की मांग की गई, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. बेउर थाना में मामले को दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। थाना पुलिस के अनुसार जब्त शराब कुल सात कार्टन में रखी गई थी. पुलिस गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ कर शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
