बिहार

नशे के खिलाफ जागरूकता की पहल, चित्रकला और लूडो प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को किया जागरूक

गया, (न्यूज़ क्राइम 24) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), गया जी की ओर से +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर, मानपुर में ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पूर्व-प्रचार गतिविधि के अंतर्गत चित्रकला एवं लूडो प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाए। अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से बच्चों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नशे के दुष्परिणामों से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा एवं सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने और नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में शंभू पंडित, हर्ष सिन्हा एवं दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और रुपेश कुमार सिन्हा ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए लूडो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। वहीं, ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत मुख्य जागरूकता कार्यक्रम 21 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. प्रेम कुमार, अध्यक्ष, बिहार विधानसभा एवं गया सदर विधायक द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Related posts

पटना पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि जनकल्याण संवाद अभियान का किया शुभारंभ

शाहपुर में सड़क निर्माण का अध्यक्ष ने लिया जायजा, गुणवत्ता पर विशेष जोर

बिहार गंभीर आर्थिक संकट में – तेजस्वी

error: