बिहार

मिट्टी खुदाई के दौरान खेत से निकली भगवान विष्णु की प्रतिमा, पूजा-अर्चना को उमड़े ग्रामीण

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के गौरीचक और नालन्दा जिला की सीमा पर के कराय परसुराय थाना क्षेत्र के बिनशा गांव में गुरुवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब मिट्टी की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से भगवान विष्णु की प्रतिमा निकलने की खबर फैली. प्रतिमा निकलने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते खेत के पास श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई और पूजा-अर्चना शुरू हो गई।

बताया जाता है कि बिनशा गांव निवासी गंगा पासवान के खेत में जेसीबी से मिट्टी की कटाई-खुदाई का काम चल रहा था. इसी दौरान जमीन के अंदर से एक प्रतिमा दिखाई दी. खुदाई कर उसे बाहर निकाला गया तो ग्रामीणों ने उसे भगवान विष्णु की प्रतिमा बताया. ग्रामीणों के अनुसार प्रतिमा अष्टधातु की प्रतीत हो रही है. प्रतिमा मिलने की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौके पर पहुंच गए।

श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को साफ कर एक स्थान पर स्थापित किया और पूजा-अर्चना शुरू कर दी. महिलाएं भक्ति गीत और भगवान विष्णु की स्तुति करने लगीं. देखते ही देखते मौके पर धार्मिक माहौल बन गया. कहीं पूजा की तैयारी होने लगी तो कुछ लोग वहां पंडाल लगाने की तैयारी में जुट गए. ढोल-मंजीरे की आवाज के बीच लोग भगवान विष्णु के जयकारे लगाने लगे।

प्रतिमा को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. लोगों का कहना है कि जमीन के अंदर से इस तरह प्रतिमा का निकलना उनके लिए कौतूहल का विषय है. प्रतिमा वास्तव में अष्टधातु की है या किसी अन्य धातु की, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल प्रतिमा के निकलने के बाद गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

Related posts

विश्व दृष्टि दिवस पर एम्स पटना की बड़ी उपलब्धि, 100वां कॉर्नियल ट्रांसप्लांट पूरा

रास्ते के विवाद में चली गोली : दो किशोर घायल, एक की हालत गंभीर

चार मंजिला मकान की छत से गिरकर महिला की मौत, आत्महत्या या हादसा जांच के बाद होगा स्पष्ट

error: