बिहार

फुलवारी शरीफ अंचल कार्यालय में शिकायतों की जांच करने पहुंचे राजस्व विभाग के अपर सचिव जन प्रतिनिधियों और आम लोगों ने दर्ज कराईं शिकायतें

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी के खिलाफ आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से लगातार मिल रही शिकायतों की जांच करने गुरुवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल अंचल कार्यालय पहुंचे. उन्होंने करीब दो घंटे तक आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों की जानकारी ली. इस दौरान अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी समेत अंचल कार्यालय के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान लोगों ने दाखिल-खारिज, जमीन की रसीद, भूमि विवाद, आवेदन लंबित रखने और कार्यालय में कामकाज को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराईं. कई लोगों ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं होती है और बिना स्पष्ट कारण बताए आवेदन रद्द कर दिए जाते हैं. कुछ लोगों ने राजस्व कर्मचारियों पर बिचौलियों के माध्यम से काम कराने का आरोप भी लगाया।

कुरकुरी पंचायत के मुखिया रवि कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में ग्रामीणों की ओर से दिए गए कई आवेदनों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कई बार अंचलाधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. इसी मुद्दे को लेकर पहले अंचल कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन भी किया गया था।

नगर परिषद के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भीम पंडित समेत अन्य लोगों ने भी अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जमीन बंटवारे के बाद गलत व्यक्ति के नाम रसीद काटने तथा दाखिल-खारिज के मामलों में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जदयू नेता गुड्डू रजक ने अंचल कार्यालय में काम कराने के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पैसे नहीं देने पर कई लोगों के आवेदन लंबित या रद्द कर दिए जाते हैं. गुड्डू रजक, विनोद कुमार, अवधेश कुमार चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपर सचिव के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने आम लोगों और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं को नोट किया. उन्होंने अंचल कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका त्वरित निष्पादन करें और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लें. उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में आने वाले लोगों के कार्यों का नियमानुसार और समय पर निष्पादन किया जाना चाहिए।

अपर सचिव ने कहा कि अंचलाधिकारी के खिलाफ मिली शिकायतों और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों की रिपोर्ट विभाग के प्रधान सचिव को सौंपी जाएगी. इसके बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Related posts

पटना वीमेंस कॉलेज में ‘लोकतंत्र अनफिल्टर्ड’ विषय पर रील निर्माण प्रतियोगिता

जहानाबाद में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक

पावर सब स्टेशन निर्माण में अनियमितता पर जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि ने उठाए सवाल

error: