बिहार

सरेआम एक युवक को मारी गोली, पुलिस ने घायल को भर्ती कराया

फुलवारीशरीफ, आनंद : थाना क्षेत्र के ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास गुरुवार की देर रात जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।घटना में छोटू गंभीर रूप से जख्मी हो गये. पुलिस के अनुसार उन्हें कुल तीन गोलियां लगी हैं, जबकि घटनास्थल से चार खोखे बरामद किये गये हैं. दो गोली पीठ और एक गोली कंधे के पास लगी है. गंभीर हालत में उन्हें पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास मुर्गिया टोला निवासी मोहम्मद आसिफ उर्फ छोटू जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हैं.

गुरुवार की रात वह अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे अंडा खाने पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही छोटू खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गये। अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों और दुकानों में छिप गये. घटना के समय बारिश भी हो रही थी. सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी को इलाज के लिए एम्स भेजा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान चार खोखे बरामद किये हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया.

टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है. पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार जख्मी मोहम्मद आसिफ ने अपने प्रथम बयान में गुलिस्तान मोहल्ला निवासी मोहम्मद कल्लू पिता मोहम्मद अनवर और उसके साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे विवादित जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार इस्लामिया बीएड कॉलेज, गुलिस्तान मोहल्ला के पास एक जमीन है, जिस पर होम्योपैथ की दुकान भी संचालित होती है. उक्त जमीन को मोहम्मद कल्लू द्वारा खरीद लिये जाने की बात सामने आयी है. इसी जमीन को खरीदने के लिए मोहम्मद आसिफ भी बातचीत कर रहे थे.

जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को गोलीकांड की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद आसिफ का जमीन को लेकर अन्य लोगों से भी विवाद रहा है जांच में यह भी जानकारी मिली है कि आसिफ अपने कई साथियों के साथ विवादित जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जे से जुड़े मामलों में सक्रिय रहता था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. बताया गया है कि उसके साथ फेडरल कॉलोनी निवासी गब्बर, ईसापुर निवासी मोहम्मद जुनेद पिता लाल मोहम्मद, नसीम मलिक और मोहम्मद आसिफ पिता सपनू समेत अन्य लोग जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार मोहम्मद आसिफ उर्फ छोटू पूर्व में दो बार जेल जा चुका है. एक मामले में अवैध लाइसेंस वाले हथियारबंद बॉडीगार्ड रखने और दूसरे मामले में शराब से जुड़े मामले में उसके जेल जाने की जानकारी मिली है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों और जमीन से जुड़े विवादों का भी रिकॉर्ड खंगाल रही है। घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कितने थे और किस रास्ते से आये तथा वारदात के बाद किस दिशा में भागे।जख्मी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी घटना के बाद ईसापुर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related posts

एम्स पटना में स्ट्रोक के त्वरित उपचार के लिए विकसित होंगे 10 बेड, समर्पित स्ट्रोक सेंटर बनाने पर जोर

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर छात्राओं के बीच पहुंचा पावरग्रिड

हनुमान जयंती : महावीर मंदिर में कलश स्थापना के साथ श्रीराम चरित मानस नवाह पाठ की हुई शुरूआत