पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) आगामी लोक अदालत की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक यातायात, पटना के कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित ई-चालान और आम जनता से प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात, चतुर्थ), जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), पटना, ई-चालान सेल के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा ग्रीवांस सेल के नोडल पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी लोक अदालत के माध्यम से लंबित ई-चालानों और आम लोगों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं सुलभ तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान लोक अदालत की प्रक्रिया के संबंध में आम नागरिकों को जागरूक करने और उन्हें आवश्यक राहत उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। साथ ही, यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को लोक अदालत से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
