बिहार

कोचिंग जा रही नाबालिग छात्रा को रास्ते में रोककर पीटा, मोबाइल पर बात करने का दबाव

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को रास्ते में रोककर मारपीट करने और मोबाइल फोन पर बात करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने दो सहपाठियों पर परेशान करने, मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए गौरीचक थाने में लिखित शिकायत दी है. मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने थाना प्रभारी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बताया जाता है कि छात्रा स्कूल की पढ़ाई के बाद शाम में कोचिंग करने जाती थी. आरोप है कि उसी कोचिंग में पढ़ने वाला एक छात्र काफी समय से उससे मोबाइल पर बात करने का दबाव बना रहा था. छात्रा ने बात करने से इनकार कर दिया तो मंगलवार को आरोपित छात्र अपने एक अन्य सहपाठी के साथ फतेहपुर के पास पहुंचा और छात्रा को रास्ते में रोक लिया।

परिजनों के अनुसार दोनों छात्रों ने छात्रा के साथ मारपीट की और उस पर मोबाइल से बातचीत करने का दबाव बनाया. छात्रा द्वारा विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गयी. घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और अपनी दादी व अन्य परिजनों को पूरी घटना बतायी।

इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर गौरीचक थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के कई घंटे बाद तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. थाना स्तर से भी उन्हें मामले की कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी।

मामले की जानकारी डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार को मिली तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए गौरीचक थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. डीएसपी ने बताया कि पीड़िता और आरोपित दोनों नाबालिग हैं. आरोपित छात्र ने छात्रा के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है, जबकि दूसरा सहपाठी घटना के समय उसके साथ मौजूद था. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related posts

पटना कॉलेज में बड़ी वारदात की साजिश का खुलासा, पांच गिरफ्तार; दो देसी कट्टे और तीन कारतूस बरामद!

पटना वीमेंस कॉलेज में डांडिया नृत्य प्रतियोगिता, निशा एंड ग्रुप ने जीता प्रथम पुरस्कार

दुर्गापूजा को लेकर यातायात एसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

error: