बिहार

पथराहा में देर रात भीषण आग लगी, दर्जनभर घर जलकर राख

अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा थाना क्षेत्र के पथराहा गांव के वार्ड संख्या-17 स्थित दास टोला में गुरुवार देर रात अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने करीब दर्जनभर घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी में घरों में रखा गेहूं, चावल, धान समेत अन्य अनाज, कपड़े, फर्नीचर और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन मवेशियों की मौत होने की भी सूचना है। घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

बताया गया कि देर रात अचानक एक घर से आग की लपटें उठीं और तेज हवा के कारण आग आसपास के घरों तक फैल गई। आग की भयावहता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर फुलकाहा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने नरपतगंज अंचलाधिकारी संजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार सुबह सीओ के निर्देश पर हल्का कर्मचारी मनीष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निपीड़ित परिवारों के नुकसान का जायजा लेना शुरू किया। प्रशासन की ओर से क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अगलगी में सखिचन्द दास, विनोद दास, तेजनारायण दास, फूलचंद दास, भुटाई दास, रामकृष्ण दास, सीताराम दास, कमल दास, रामनारायण दास, मंगल दास, शम्भु दास और तारानंद दास के घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। अचानक सब कुछ तबाह हो जाने से पीड़ित परिवारों के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर लोजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि ब्रह्मदेव यादव तथा पथराहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सज्जाद सवा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अग्निपीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा, भोजन, आवास और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related posts

नवाबगंज पंचायत में आम सभा, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

ग्रामीणों की भागीदारी से तैयार की गई पंचायत विकास की रूपरेखा

पटना जिले के सभी थानों में Child Help Desk और Child Corner स्थापित

error: