बिहार

जानीपुर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

फुलवारीशरीफ, अजीत। जानीपुर थाना क्षेत्र के सरैया शिव मंदिर के पास गुरुवार देर रात बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पोल पर लगे बिजली के तार धू-धूकर जलने लगे और अफरातफरी मच गई।

आग लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कंट्रोल रूम को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं किया. इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया।

बिजली विभाग से तत्काल मदद नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने जानीपुर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस बिजली पोल में आग लगी, उसके ठीक नीचे कई दुकानें थीं. समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा नुकसान हो सकता था।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपात स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों का फोन नहीं उठाना गंभीर लापरवाही है. लोगों ने मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related posts

पांच दशक की सांस्कृतिक विरासत आस्था सामाजिक एकजुटता का साक्षी बना चोरौत

रविशंकर प्रसाद ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर समस्त देशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की

फतुहा में शराब के बड़े स्टोरेज पॉइंट पर पुलिस की छापेमारी, 50 लाख की विदेशी शराब जब्त!