पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए रातभर दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत करमलीचक स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखे डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल के ड्रमों में आग लगने से करीब 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही राजधानी के विभिन्न फायर स्टेशनों से करीब 22 दमकल वाहन मौके पर पहुंचाए गए। दमकल कर्मियों ने पूरी रात आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सोमवार सुबह तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। पटना सिटी फायर स्टेशन के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल में लगी आग को बुझाने के लिए फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि राजधानी के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को बुलाया गया है, ताकि आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जा सके।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
