अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के फुलकाहा स्थित श्री श्री 108 मां भगवती देवी मंदिर चैनपुर में आयोजित 48 घंटे के अष्टयाम संकीर्तन के उपलक्ष्य में गुरुवार को 251 कन्याओं की भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक रथ पर माता सीता, भगवान राम एवं लक्ष्मण की मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर शीतला माता मंदिर नयाटोला फुलकाहा स्थित कुएं से जल भरकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में कलश लिए चल रही कन्याएं शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बनी रहीं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामीणों और युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अष्टयाम संकीर्तन के माध्यम से गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन चैनपुर गांव के युवा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु पहुंचे। इस मौके पर पंडित जनार्दन झा ने कहा कि मां भगवती मंदिर में श्रद्धालुओं की मन्नतें पूरी होती हैं, जिस कारण हजारों की संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
