बिहार

रामनवमी पर संपतचक में ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

पटना, अजित। रामनवमी के पावन अवसर पर पटना के संपतचक नगर परिषद क्षेत्र में राम जन्मोत्सव को लेकर ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. मुख्य शोभायात्रा संपतचक बाजार स्थित प्राचीन बजरंगबली मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई, जिसे संपत चक प्रथम प्रमुख पवन यादव,नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरा आयोजन प्रथम प्रमुख पवन यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.

यह विशाल शोभायात्रा संपतचक बाजार से निकलकर गोपालपुर मोड़, सोहगी मोड़, सिरपतपुर ब्लॉक मोड़, जनक पुर मोड़ सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः बाजार क्षेत्र में पहुंची. शोभायात्रा के दौरान सड़कों के दोनों किनारों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु खड़े होकर इस भव्य आयोजन का साक्षी बने. जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर, आरती उतारकर और शीतल पेय-पानी की व्यवस्था कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया.

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण एवं बजरंगबली सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की आकर्षक और सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं. विभिन्न कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. झांकियों की भव्यता और कलाकारों के अभिनय को देखकर लोग भावविभोर हो उठे।

इन झांकियों को तैयार करने, कलाकारों को सजाने-संवारने तथा पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप देने में नीरज कुमार की अहम भूमिका रही. उनके कुशल नेतृत्व में कलाकारों ने भगवान के पात्रों को इतने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया कि लोग मंत्रमुग्ध हो गए और लगातार उनकी सराहना करते रहे.

Advertisements
Ad 1

मुख्य शोभायात्रा के साथ-साथ दरियापुर, भीलवाड़ा, फतेहपुर एवं कंडाप समेत संपतचक के विभिन्न इलाकों से भी शोभायात्राएं निकाली गईं, जिससे पूरे नगर परिषद क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा. हर गली-मोहल्ले में भक्तिमय वातावरण और “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे।

नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि पहली बार संपतचक में इतने भव्य स्तर पर राम जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, जो क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और विकास का संदेश देगा. उन्होंने कहा कि नगर परिषद संपतचक के सभी लोगों के जीवन में खुशहाली आए, उनकी आर्थिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति मजबूत हो, यही हमारी कामना है। वहीं अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू ने कहा कि सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए यह गर्व का विषय है कि पहली बार इतने भव्य रूप में राम जन्मोत्सव का आयोजन किया गया है.

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी वर्गों के लोगों का भरपूर सहयोग मिला है, जो समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ. स्थानीय प्रशासन की सक्रियता के कारण कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं देखने को मिली। कुल मिलाकर, यह भव्य शोभायात्रा संपतचक के इतिहास में एक यादगार और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में दर्ज हो गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी और जनसहयोग ने इसे और भी खास बना दिया. इस दौरान गौरीचक गोपालपुर थाना पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रहा।

Related posts

श्री राम जी के 48 वाँ शोभायात्रा निकला

सेकंड चांस कार्यक्रम का जे-पाल टीम द्वारा अवलोकन, बालिकाओं की शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर हुआ संवाद

चैती दुर्गापूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन 

error: