पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) रविवार को कदमकुआँ स्थित बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन में एडवर्टाइजमेंट पिआरओ द्वारा आयोजित ‘काव्य और कला-शब्दों से सृजन तक’ कार्यक्रम में साहित्य, संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों एवं साहित्य प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष अनिल सुलभ एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फिल्ममेकर एवं कोरियोग्राफर मास्टर उज्ज्वल तथा लेखक कुंदन कुमार ने शिरकत की। दोनों अतिथियों ने कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन के दौरान कविता पाठ, गायन, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों और साहित्य प्रेमियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार, विद्यार्थी एवं संस्कृति प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। “परफॉर्मर ऑफ द डे” सम्मान से प्रीति उपाध्याय (गायन), विवेक कुमार (कविता) एवं अंशु कुमारी (नृत्य) को नवाजा गया। विजेताओं को विशेष सम्मान स्वरूप चांदी के 500 रुपये के स्मारक नोट प्रदान किए गए। सपोर्टिंग पार्टनर वेरायटी मेगा मॉल की ओर से भी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को विशेष उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा, आदित्य एवं उनकी टीम ने किया। आयोजन का उद्देश्य साहित्य, संगीत, नृत्य, नाटक एवं अन्य कलाओं को एक साझा मंच प्रदान कर नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना था। कार्यक्रम के आयोजक ने सफल बनाने में सहयोग देने वाले कलाकारों, अतिथियों, मीडिया सहयोगियों, निर्णायक मंडल एवं जनसंयोग मंच का आभार प्रकट किया।
