बिहार

श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल की सुविधाओं को लेकर 20 सूत्री मांग-पत्र सौंपा

पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं के विस्तार को लेकर श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल सुधार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के अधीक्षक सुधा शंकर राय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के नाम 20 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में समिति के महासचिव सह पूर्व पार्षद बलराम चौधरी, उपाध्यक्ष मोहम्मद जावेद, निगम पार्षद शोभा देवी, देवरत्न प्रसाद, राम नारायण सिंह, शंभू शरण प्रसाद, अजीत सिंह कुशवाहा एवं एजाजुद्दीन उर्फ सानू शामिल रहे। समिति के सदस्यों ने कहा कि अस्पताल में नए भवन के निर्माण और सुविधाओं के विस्तार के बाद मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, जो स्वागतयोग्य है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल अधीक्षक को अंगवस्त्र एवं पुष्प देकर सम्मानित भी किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए ओपीडी के बाहर पर्याप्त पंखे, अस्पताल तक जाने वाले मार्ग पर हाई-मास्ट लाइट, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर, परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा जीविका कैंटीन को रात 12 बजे तक संचालित करने, जन औषधि केंद्र एवं जेनेटिक दवा दुकान को 24 घंटे खोलने तथा ऑक्सीजन प्लांट और ब्लड बैंक को जल्द चालू कराने की मांग रखी गई। समिति ने अस्पताल में शव वाहन की व्यवस्था, डॉक्टरों के लिए आवास, डेंटल विभाग में एक्स-रे सुविधा, स्टोन ऑपरेशन के लिए लेप्रोस्कोपी मशीन, डॉक्टरों का रोस्टर सूचना-पट्ट पर प्रदर्शित करने और अस्पताल के मुख्य द्वार पर अधीक्षक का सरकारी संपर्क नंबर अंकित करने की मांग भी की। सुरक्षा को लेकर अस्पताल के चारों ओर ऊंची और मजबूत चारदीवारी बनाने की मांग की गई। वहीं मरीजों की सुविधा के लिए सभी ओपीडी में पर्याप्त क्षमता वाले एसी लगाने और खराब पड़े एसी को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी शामिल है।

समिति ने अस्पताल परिसर में उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग की मांग करते हुए जर्जर एलएचबी हॉस्टल के स्थान पर नए एलएचबी हॉस्टल, आई अस्पताल के नए भवन तथा चिकित्सकों के लिए डॉक्टर क्वार्टर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने 15 अगस्त के कार्यक्रम में निगम पार्षद शोभा देवी को आमंत्रित नहीं किए जाने पर भी खेद जताते हुए भविष्य में जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान एवं आमंत्रण देने की मांग की। अस्पताल अधीक्षक सुधा शंकर राय ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मांगों से संबंधित पत्र बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रधान सचिव, स्वास्थ्य विभाग को भेजकर मामले से अवगत कराया जाएगा। समिति के महासचिव बलराम चौधरी ने कहा कि इन मांगों का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक चिकित्सा वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related posts

बरबीघा कुर्सेढी पंचवदन में श्रावणी महोत्सव की तैयारी तेज, डीएम ने लिया जायजा

शेखपुरा DM दरबार में 31 फरियाद, डीएम ने कहा- जनता को चक्कर नहीं काटना पड़े

शेखपुरा में बना Plastic Waste Management Unit, कचरे से बनेगी सड़क और पेवर ब्लॉक

error: