फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के फुलवारी शरीफ के एतवारपुर-परसा बाजार रोड में इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर पुरी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया जाएगा. आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम पर आधारित इस आयोजन में मां दुर्गा के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे.
आयोजकों के अनुसार पंडाल की ऊंचाई करीब 121 फीट और लंबाई 120 फीट होगी. लगभग 15 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बनने वाले पंडाल की वास्तुकला में पुरी के जगन्नाथ मंदिर के शिखर, स्तंभ और नक्काशी की झलक देखने को मिलेगी. आयोजन का अनुमानित बजट करीब 85 लाख रुपये रखा गया है.
आयोजन का सबसे खास आकर्षण 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो होगा. आयोजकों के अनुसार बिहार में पहली बार इस स्तर पर पंडाल की विशाल संरचना को डिजिटल कैनवास के रूप में इस्तेमाल कर प्रकाश, ध्वनि और दृश्य प्रभावों के माध्यम से भगवान जगन्नाथ की कथा, परंपरा और आध्यात्मिक प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा. इसके लिए मुंबई से अमीन चंद्राकर और उनकी विशेष टीम को बुलाया जा रहा है.
मां दुर्गा की करीब 16 फीट ऊंची प्रतिमा महिषासुर वध की मुद्रा में होगी. प्रतिमा पटना के शक्ति विश्वास पंडित द्वारा तैयार की जा रही है, जबकि साज-सज्जा का काम बंगाल के कारीगरों द्वारा किया जाएगा. पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी मधुपुर के इम्मामुद्दीन अंसारी और सैरफुद्दीन के साथ कोलकाता के बप्पी बारीक और उनकी टीम संभाल रही है.
पूरे आयोजन क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर तक विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाएगी. शिवम टेंट की ओर से चंदननगर की आकर्षक थीम लाइटिंग लगाई जाएगी. बच्चों के लिए विशेष कार्टून लाइटिंग भी आकर्षण का केंद्र रहेगी.
नवरात्रि की पूजा बनारस से आए पंडित अभिषेक मिश्रा और उनकी टीम द्वारा कराई जाएगी. श्रद्धालुओं के लिए विशाल पार्किंग की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी. सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए 150 से अधिक स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।
आयोजन के दौरान जरूरतमंदों के लिए अन्नक्षेत्र में निशुल्क भोजन की व्यवस्था रहेगी. श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा. बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश द्वार और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है. सप्तमी को नैवेद्यम लड्डू, अष्टमी को खीर, नवमी को खिचड़ी तथा विजयदशमी के दिन हलवा और बुंदिया का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मुनील यादव हैं. समिति में बिट्टू सिंह, विक्की कुमार, जय यादव, बिट्टू यादव, जीतू यादव, भीम यादव, अमित कुमार, मनीष, प्रभात यादव, धीरज, मनीष यादव, मंटू यादव, भोला यादव, चंदन यादव, अमन, अविनेश, सागर, अमन, बबलू यादव, आर्यन, रविराज रणजीत, छोटू, सागर, मुन्ना जी और चिंटू यादव सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष का आयोजन श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा अनुभव देने वाला होगा. एतवारपुर-परसा बाजार रोड पर बनने वाला यह भव्य पंडाल दुर्गापूजा के दौरान लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने की तैयारी में है.आयोजन समिति के अध्यक्ष मुनीर यादव ने बताया कि इस बार जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाए जा रहे भव्य पूजा पंडाल के निर्माण और आयोजन पर करीब 85 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
