बिहार

पटना को औद्योगिक एवं प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने हेतु जिलाधिकारी ने किया उद्योग संघ क़े प्रतिनिधियों क़े साथ संवाद

20261129 202917

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जिला को औद्योगिक एवं प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने तथा जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने ‘उद्योग वार्ता’ कार्यक्रम के तहत बिहार उद्योग संघ के लघु उद्योग भारती संगठन से जुड़े लोगों एवं उद्यमियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में उद्योगों की स्थापना, वर्तमान औद्योगिक इकाइयों की स्थिति, निवेश की संभावनाओं, नए उद्यमों एवं स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने तथा उद्यमियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि लघु उद्योग भारती के सदस्यों सहित अन्य औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों से प्राप्त सुझावों के आलोक में उद्योगों एवं स्टार्टअप की स्थापना के लिए आवश्यक सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिन उद्यमियों को लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाण-पत्र, विभिन्न प्रकार की स्वीकृतियों अथवा अन्य प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता है, उनके आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।

जिलाधिकारी ने उद्यमियों द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को नियमानुकूल अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।

जिलाधिकारी ने जिले में सूक्ष्म, लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की संभावनाओं पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने उद्यमियों को सुझाव दिया कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान करें, जहां टेक्सटाइल क्लस्टर, बर्तन क्लस्टर, रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर, आर्ट एंड क्राफ्ट क्लस्टर तथा ऑर्गेनिक उत्पादों से संबंधित क्लस्टर विकसित किए जा सकें। इससे स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कौशल एवं उपलब्ध मानव संसाधन का बेहतर उपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकेंगे। बैठक में टिकुली आर्ट एवं पटना कलम चित्रकला शैली को प्रोत्साहित करने तथा इन्हें व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि पटना जिले में उद्योगों की स्थापना एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि जिले एवं राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे आम लोगों की आय में वृद्धि होगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।

बैठक में लघु उद्योग भारती के सदस्यों ने सुझाव दिया कि जिले में स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की जाए, ताकि कच्चे माल की आपूर्ति एवं तैयार उत्पादों के परिवहन के साथ-साथ उद्यमियों, श्रमिकों और ग्राहकों का आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने नए उद्यमियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने का भी सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त बिहार के सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा बिहार एवं बिहार के बाहर के निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से एक प्रभावी निवेश प्लेटफॉर्म विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने उद्यमियों के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि औद्योगिक विकास के लिए प्रशासन, उद्योग संगठनों एवं उद्यमियों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले सफल उद्यमियों की सक्सेस स्टोरी को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जाए। इससे नए एवं भावी उद्यमियों को प्रेरणा मिलेगी तथा अधिकाधिक लोग स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए आगे आएंगे।

उन्होंने कहा कि पटना को औद्योगिक एवं प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने के लिए उपलब्ध संभावनाओं का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करना होगा। इसके लिए उद्यमियों के सुझावों, स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक उत्पादों एवं निवेश की संभावनाओं को एकीकृत करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन का उद्देश्य पटना में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना, निवेश को प्रोत्साहित करना, उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक समृद्धि के नए अवसर सृजित करना है।

Related posts

आरजेएस का नेशनल वेज प्लेज मिशन ने न्यू डाइट सिस्टम का किया समर्थन, प्राकृतिक अहिंसा प्लेट का करेगा प्रोमोशन

एम्स पटना ने आंख से निकाला 180 ग्राम का विशाल ट्यूमर, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि

दो दिवसीय एएफपीआईकॉन बिहार सम्मेलन का समापन, फैमिली फिजिशियन की भूमिका पर चर्चा