बिहार

रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो पर वैशाली SSP का बड़ा एक्शन, महिला दरोगा नेहा सिन्हा निलंबित

वैशाली, (न्यूज़ क्राइम 24) कटहरा थाना में तैनात SI पर रिश्वत लेने का आरोप, महुआ SDPO की जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई; नाबालिग लड़की के अपहरण कांड से जुड़ा है मामला

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। कटहरा थाना में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) नेहा सिन्हा का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वैशाली के SSP शुभांक मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला दरोगा नेहा सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में महिला दरोगा एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कटहरा थाना के समीप बने चौकीदार शेड का है। वीडियो में 2 हजार रुपये के लेन-देन की चर्चा सामने आई है। वीडियो करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है।

नाबालिग बेटी की बरामदगी से जुड़ा है मामला

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह पूरा मामला एक नाबालिग लड़की के अपहरण कांड से जुड़ा बताया जा रहा है। किशुनपुर तेलौर गांव के रहने वाले बच्चे राय ने 17 जुलाई 2026 को अपनी 17 वर्षीय बेटी के अपहरण को लेकर कटहरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले का अनुसंधान महिला SI नेहा सिन्हा को सौंपा गया था।

पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में करीब 90 हजार रुपये लिए गए। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे 2 हजार रुपये को भी उन्होंने इसी मामले से जुड़ा बताया है।

हालांकि, महिला दरोगा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे ब्लैकमेलिंग और अनुचित दबाव बनाने की कोशिश बताया है। उनका कहना है कि वीडियो को आधार बनाकर उन पर गलत लोगों को केस में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था।

SDPO की जांच के बाद SSP की कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद वैशाली SSP शुभांक मिश्रा ने महिला SI नेहा सिन्हा को निलंबित कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश है कि वर्दी की आड़ में भ्रष्टाचार और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे प्रकरण में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

Related posts

छठ महापर्व और मातृशक्ति पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा नेत्रियों ने कोतवाली थाने में दी शिकायत, FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना द्वारा संविधान दिवस का आयोजन किया गया

उपमुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न