पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) कार्तिक पूर्णिमा और सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस पावन अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र शस्त्रों एवं गुरु साहिबान के पावन जोड़ों के दर्शन भी किए। उन्होंने इस आध्यात्मिक अनुभव को शांति और आनंद प्रदान करने वाला बताया।
इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने गुरु नानक देव जी के विचारों और उपदेशों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जाति-पाति, भेदभाव और ऊंच-नीच का विरोध कर समाज को समानता, प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं।
शुभकामनाएं देने वालों में सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, जगदानंद सिंह, उदय नारायण चौधरी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, डॉ. कांति सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, सैयद फैसल अली, प्रो. मनोज कुमार झा, डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, सुधाकर सिंह, संजय यादव, डॉ. सुनील कुमार सिंह, आलोक कुमार मेहता, शिवचंद्र राम, इसराइल मंसूरी, रणविजय साहू, कारी मोहम्मद सोहैब, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, डॉ. उर्मिला ठाकुर एवं डॉ. अनवर आलम सहित राजद के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
