फतुहा, (न्यूज़ क्राइम 24) शराबबंदी वाले बिहार में तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के मुसाफापुर में पुलिस ने विदेशी शराब के बड़े स्टोरेज पॉइंट का खुलासा किया है। बुधवार की रात करीब दो बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 435 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 3,830.760 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद पहले संबंधित ठिकाने की रेकी कराई गई। शराब के भंडारण की पुष्टि होने पर निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के बालोतरा जिले के सिंधरी थाना क्षेत्र निवासी देवाराम, विश्रामराम, दमाराम और दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब के कार्टन पर बिक्री के लिए चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का उल्लेख है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने शराब के स्टोरेज पॉइंट को सील कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व निरीक्षक अजीत कुमार ने किया। टीम में एसआई सोनम कुमारी, एएसआई अजीत कुमार, डब्लू कुमार और विनिता कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
