बिहार

रामगंज में दो हाइवा की जोरदार टक्कर, चालक-उपचालक बाल-बाल बचे

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र के रामगंज के समीप गया-पटना मार्ग पर मंगलवार की दोपहर करीब 2:15 बजे दो हाइवा ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में एक हाइवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और उपचालक बाल-बाल बच गये. दोनों को हल्की चोटें आयी हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों हाइवा गया की ओर से पटना जा रहे थे. रामगंज के पास आगे चल रहे हाइवा के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इसी दौरान पीछे से आ रहा हाइवा अनियंत्रित होकर आगे वाले वाहन से जोरदार टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले हाइवा के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये।

घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने गश्ती दल को घटनास्थल पर भेजा. पीएसआई मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में फंसे चालक व उपचालक को बाहर निकाला. दोनों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया. पुलिस के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य है और किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है।

दोनों हाइवा का आकार बड़ा होने के कारण उन्हें सड़क से हटाने में परेशानी हो रही थी. यातायात को सामान्य कराने के लिए पुलिस ने क्रेन मंगाने की व्यवस्था की. क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाने की तैयारी की जा रही थी. समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटी थी. हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

Related posts

संपतचक में महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर बन रहा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, अभी से उमड़ने लगे लोग

गौरीचक में फाइनेंस एजेंट से 1.20 लाख की लूट, ग्रामीणों ने दो लुटेरों को पकड़कर पोल से बांधा, जमकर पीटा

महावीर मंदिर महावीर नगर बेऊर में फिर सजेगा कलाकारों का मेला, 21 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

error: