पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर संपतचक नगर परिषद अंतर्गत एकतापुरम, भोगीपुर-चकपुल स्थित मिशन नौनिहाल सम्मान निःशुल्क ट्यूशन केंद्र में अध्ययनरत बच्चों के बीच ट्यूशन यूनिफॉर्म और चॉकलेट वितरित की गईं। नई यूनिफॉर्म पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर बच्चो के द्वारा मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया
मिशन के संस्थापक-संरक्षक एवं यूनिसेफ के स्थायी सहयोगी सदस्य, 95 वर्षीय समाजसेवी श्री सुखदेव सिंह ने बच्चों को यूनिफॉर्म प्रदान करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा, आत्मसम्मान और सपनों की उड़ान में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि बच्चों के लिए प्रत्येक शनिवार पौष्टिक आहार एवं विशेष खाद्य-पेय सामग्री की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
“पढ़ना है, पढ़ाना है, नया समाज बनाना है” के सामूहिक संकल्प के साथ आयोजित कार्यक्रम में यूनिफॉर्म को अनुशासन, समानता, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक बताया गया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसरों को सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया।
माता सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरित मिशन नौनिहाल सम्मान का उद्देश्य वंचित बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उनके सपनों को नई दिशा देना है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रॉकी मुखिया, ट्यूशन केंद्र के प्रबंधक विनेश पासवान, प्रियंका सिंह, रूपा कुमारी पासवान, कुंदन पटेल, सुधीर पटेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
