अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत के भवानीपुर वार्ड संख्या-3 में शनिवार को छह वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में रविवार को जिला तकनीकी अनुसंधानकर्ता टीम फुलकाहा थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी जांच के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया।
जांच के दौरान फुलकाहा थाना के अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, एसआई रंजना कुमारी, अमन कुमार, पीटीसी विनोद नट, चौकीदार ललित पासवान समेत महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद थे। वहीं, एसएसबी बथनाहा के श्वान दस्ते को भी जांच में शामिल किया गया। एसएसबी के सामान्य आरक्षी किशन कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षित ‘लिंकी’ डॉग ने घटनास्थल से संभावित संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया।
श्वान दस्ता घटनास्थल से करीब 500 मीटर उत्तर दिशा में मुखिया टोला तक पहुंचा, लेकिन वहां किसी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान या स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास शराब की कई खाली बोतलें और नशीले पदार्थों की खाली पन्नियां भी दिखाई दीं। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच का हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
