बिहार

बेटी से मिलने जा रही महिला को तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से मारी टक्कर, मां की मौत!

फुलवारीशरीफ, अजीत। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिरपतपुर के समीप मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 65 वर्षीय इंदु देवी सड़क पर गिर गईं और हाइवा की चपेट में आ गईं. गंभीर रूप से घायल इंदु देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके बेटे अनीश कुमार की जान बाल-बाल बच गई. महिला इंदु देवी की बेटी भूतनाथ रोड पटना में रहती है ,दोनों भूतनाथ जा रहे थे तभी हाईवा ने धक्का मार दिया।

जानकारी के अनुसार इंदु देवी मूल रूप से जहानाबाद जिले के हुलासगंज की रहने वाली थीं. मंगलवार सुबह इंदु देवी अपने बेटे अनीश कुमार के साथ बाइक से भूतनाथ रोड स्थित अपनी बेटी से मिलने के लिए निकली थीं. संपत चक में सिरपतपुर के समीप पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई. अनीश कुमार किसी तरह बाइक से संभलकर बच गए, लेकिन पीछे बैठी उनकी मां इंदु देवी सड़क पर गिर गईं. इसी दौरान हाइवा की चपेट में आने से वह बुरी तरह कुचला गईं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मां की मौत के बाद बदहवास हुआ बेटा-

आंखों के सामने मां की मौत से अनीश कुमार बदहवास हो गया. वह बार-बार अपनी मां को देखकर लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा. घटना की जानकारी उसने अपने घरवालों को दी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया. मौके पर महिला का नाती और अन्य परिजन भी पहुंच गए. परिवार के लोगों ने बताया कि इंदु देवी के पति मथुरा प्रसाद है जो हुलास गंज में है।

वहीं सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. दुर्घटना में शामिल बालू लदे हाइवा को पुलिस ने जब्त कर लिया है. हाइवा का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01GQ8203 बताया गया है।

चालक फरार, उपचालक हिरासत में-

हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हाइवा के उपचालक (खलासी )को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ वाहन की रफ्तार और चालक की भूमिका की जांच कर रही है. वाहन के कागजात और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि संपतचक में सड़क के दोनों किनारो पर ट्रक और अन्य भारी वाहन खड़ा किया रहता है जिससे सड़क संकरा हो जाता है और हादसा का कारण बनता है।

अस्पताल पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम-

इंदु देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. मां की मौत की खबर सुनकर बेटी बार-बार बेसुध हो जा रही थी. परिवार के लोग एक-दूसरे को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन अचानक हुई मौत से सभी सदमे में थे. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में एक महिला की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. हाइवा जब्त कर लिया गया है और उपचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फरार चालक की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है. मामले में परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts

चौक थाना पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार!

जहानाबाद में आगामी त्योहारों को लेकर दंगा-नियंत्रण मॉक ड्रिल आयोजित

फुलकाहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 लीटर 720 ग्राम शराब बरामद!

error: