बिहार

गंगा का जलस्तर बढ़ा, घाटों की सड़कें जलमग्न; एसडीओ कशिश बख्शी ने किया निरीक्षण

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से पटना के महावीर घाट और भद्रघाट के आसपास पानी सड़क तक पहुंच गया है। जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह एसडीओ कशिश बख्शी, पुलिस पदाधिकारी राज किशोर सिंह और अंचल अधिकारी ने महावीर घाट एवं भद्रघाट का निरीक्षण किया। बढ़ते जलस्तर और सुरक्षा को देखते हुए भद्रघाट एवं महावीर घाट मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मौके पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।

भद्रघाट पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए सीमा सुरक्षा बल की चार नावें और एसडीआरएफ की 10 नावें तैनात की गई हैं। वहीं, कच्ची दरगाह-राघोपुर के बीच नावों का परिचालन भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से गंगा स्नान नहीं करने और बच्चों को घाटों से दूर रखने की अपील की है। साथ ही लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

इधर, अचानक रास्ता बंद किए जाने से बाइक सवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक बाइक सवार ने बताया कि सुबह रास्ता खुला था, लेकिन अचानक बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। पीछे की ओर भी पानी होने के कारण वापस लौटना मुश्किल हो रहा है। जलजमाव से राहत दिलाने के लिए पटना नगर निगम की ओर से मोटर पंप लगाकर पानी की निकासी का काम कराया जा रहा है। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related posts

जमीनी विवाद में पद के दुरुपयोग के आरोप में कड़ौना थानाध्यक्ष निलंबित

जन्माष्टमी उत्सव में राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन

एस-ड्राइव अभियान में चार एनबीडब्ल्यू वारंटी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

error: