पटनासिटी, न्यूज़ क्राइम 24। हाजीगंज स्थित सर्वोदय इन्फेंट अकैडमी स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने कृष्ण-राधा भक्ति पर आधारित गीतों पर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बाल कलाकारों ने अपने अभिनय और नृत्य के माध्यम से कार्यक्रम में समां बांध दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पंकज किशोर सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हर व्यक्ति के लिए आदर्श हैं और सभी को उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की भी सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
