अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बथनाहा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा संभवतः नेपाल से भारत की ओर लाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 56वीं वाहिनी के कार्यक्षेत्र स्थित ‘ई’ समवाय कुशमाहा के अंतर्गत टिकरा टोला वार्ड नंबर-1 में सीमा स्तंभ संख्या 176/1 के समीप भारत की ओर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर संयुक्त विशेष गश्ती दल ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी तस्कर की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि तस्कर सुरक्षा बलों की गतिविधि को भांपकर गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गए। बरामद 32.5 किलो गांजा को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जोगबनी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है। 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी समेत सभी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष गश्त और अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
