पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के दीपक कुमार मांझी ने की, जबकि संचालन मंटू मांझी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने वह काम कर दिखाया, जो किसी ने नहीं किया था। पहाड़ को काटकर रास्ता बनाकर उन्होंने यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि दशरथ मांझी का योगदान समाज के लिए बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर राजनीति करने वालों को उनके समाज और गरीबों के लिए काम भी करना चाहिए। उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने गरीब, वंचित, दलित और महादलित समाज को आगे बढ़ाने तथा उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर गरीबों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां गरीबों के लिए दवाई, कमाई और भलाई के काम होने चाहिए, वहां उनके साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों और मुसहर समाज के लोगों के घरों पर जहां भी बुलडोजर चलेगा, वहां तेजस्वी उनके साथ खड़े रहेंगे। सरकार की नीति पहले गरीबों को बसाने और फिर विकास करने की होनी चाहिए। उन्होंने पटना के किसी प्रमुख चौराहे पर दशरथ मांझी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने तथा उनके नाम पर आश्रम बनाने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से दशरथ मांझी को उनके योगदान के लिए भारत रत्न देने की मांग भी की।
प्रदेश राजद अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि दशरथ मांझी के संकल्प और कार्यों को जमीन पर उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऊंचे से ऊंचे पर्वत को भी तोड़ने के लिए दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले तेजस्वी प्रसाद यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दशरथ मांझी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों एवं संकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उदय नारायण चौधरी, शिवचन्द्र राम, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत, समीर कुमार महासेठ, रणविजय साहू, गौतम कृष्ण, शक्ति सिंह यादव, समता देवी, एजाज अहमद, सारीका पासवान, निर्भय अंबेडकर, नन्दू यादव, जेम्स यादव, दीपक मांझी, मंटू मांझी सहित बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
