फुलवारीशरीफ, अजित। आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था और संपतचक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देशभक्ति के गीतों के बीच अचानक दो नवजात बच्चों की किलकारियां गूंज उठीं. राष्ट्रीय पर्व के दिन एक बेटे और एक बेटी के जन्म से अस्पताल का माहौल खुशियों से भर गया. दोनों माताएं और नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संपतचक में स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं की सामान्य प्रसव से डिलीवरी कराई गई. मुस्तफापुर निवासी सीमा कुमारी ने बेटे को जन्म दिया, जबकि सिरपतपुर निवासी काजल कुमारी के घर बेटी ने जन्म लिया. दोनों प्रसव सामान्य तरीके से हुए।
मुस्तफापुर निवासी उदय ठाकुर ने बेटे के जन्म पर खुशी जताते हुए कहा कि 15 अगस्त अब उनके परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा. उन्होंने बेटे का नाम अगस्त रखने का फैसला किया है. वहीं सिरपतपुर निवासी भीम कुमार गोस्वामी ने बेटी के जन्म को परिवार के लिए सौभाग्य बताते हुए उसका नाम भूमि रखने की बात कही।
पीएचसी प्रभारी डॉ. रेनू कुमारी प्रसाद ने बताया कि दोनों प्रसव सामान्य तरीके से हुए हैं. दोनों नवजात और उनकी माताएं स्वस्थ हैं. अस्पताल की टीम ने प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की आवश्यक देखभाल की।
स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच अस्पताल में एक साथ दो बच्चों के जन्म की खबर से स्वास्थ्यकर्मियों के साथ परिजनों की खुशी भी बढ़ गई. परिजनों ने पीएचसी में उपलब्ध बेहतर व्यवस्था और प्रसव के दौरान मिली सुविधाओं की सराहना की. राष्ट्रीय पर्व के दिन गूंजी इन दो किलकारियों ने संपतचक पीएचसी में स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को दोगुना कर दिया।
