पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बेली रोड स्थित IGIMS अस्पताल के पास अचानक गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि कई की संख्या में बदमाश बाइक से न्यू अंशिका मेडिको के पास पहुंचे। बदमाशों ने पहले दुकान में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कथित तौर पर धमकी दी।इसके बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के इरादे से दुकान को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकान के ऑनर प्रमोद कुमार सिंह के मुताबिक, करीब 6 से 7 की संख्या में बदमाश आए थे। उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी देते हुए कहा तुम IGIMS में काम करते हो, मुझे भी काम करने दो, नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद फायरिंग करते हुए सभी बदमाश वहां से भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को खंगाला और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि फायरिंग से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
वोही डीएसपी अनु कुमारी ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को डिटेन किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।स्वतंत्रता दिवस को लेकर पटना में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे में IGIMS जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के पास फायरिंग की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
