सोनीपत, धर्मवीर शर्मा : खरखौदा थाना क्षेत्र के आनंदपुर झरोट के पास कांवड़ लेकर आ रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजेंद्र खातीवाद निवासी खेड़ी खातीवाद, जिला झज्जर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार कांवड़ लेकर आता था।
राजेंद्र की गांव में अपनी परचूनी की दुकान थी। उसके दो बेटे हैं और दोनों शादीशुदा हैं। मृतक के भाई ने बताया कि राजेंद्र करीब 10 दिन पहले घर से कांवड़ लेने के लिए निकला था। वह अन्य लोगों के साथ कांवड़ यात्रा पर गया था।
इसी दौरान बारिश में भीगने के बाद राजेंद्र को अचानक ठंड लगने लगी। साथ चल रहे लोगों के अनुसार उसने कंबल ओढ़ लिया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। साथी उसे उपचार के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल की ओर से घटना की सूचना परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल खरखौदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर राजेंद्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
