बिहार

बिहार सीएम सम्राट चौधरी : AI और डिजिटल तकनीक से विधायकों का होगा क्षमता वर्द्धन

पटना,  जया कुमारी : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन में बिहार विधान मंडल सदस्यों के लिए AI संवेदीकरण एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना संबंधी प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ‘परियोजना निगरानी प्रणाली’ वेब पोर्टल का रिमोट के माध्यम से लोकार्पण भी किया।

विधायकों से AI का अधिकतम उपयोग करने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि AI और डिजिटल तकनीक से बिहार के विधायकों एवं विधान पार्षदों का क्षमता वर्द्धन होगा।20-25 वर्ष पहले कंप्यूटर सीमित था, लेकिन आज AI शासन-प्रशासन और विकास की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के एस्टीमेट तैयार करने में AI का उपयोग किया जाना चाहिए। भवन निर्माण विभाग के एक एस्टीमेट की AI से जांच में 5 से 7 प्रतिशत तक लागत में बचत हुई। बचाई गई राशि को अन्य विकास कार्यों में लगाया जा सकता है। “आज के डिजिटल युग में यदि हम AI का उपयोग नहीं करेंगे तो विकास की दौड़ में पीछे रह जाएंगे।”

राज्य में AI का व्यापक उपयोग

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग कार्यक्रम और 1 करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड देने की प्रक्रिया में राज्य सरकार AI का उपयोग कर रही है। बिहार में किसानों का डिजिटल सर्वे कराया जा रहा है और 60 लाख किसानों को डिजिटल ID से जोड़ने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में मौसम केंद्र संचालित हैं और पूर्वानुमान 70-80% तक सटीक है। यह तकनीक कृषि के लिए उपयोगी है। मुजफ्फरपुर में AI और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है।

नियमित प्रशिक्षण पर जोर

सीएम ने कहा कि सभी मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और उनके सहयोगियों को AI, कंप्यूटर और सोशल मीडिया के उपयोग का समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे तकनीक से अपडेट रहकर जनता की बेहतर सेवा कर सकें।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, मंत्रीगण, विधायक, विधान पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

BSEB क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 2026: सिवान की टीम बनी राज्य विजेता, 38 टीमों ने लिया फाइनल में हिस्सा

प्रमंडलीय आयुक्त ने लिया स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 23,731 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय चक्रीय जैव ऊर्जा योजना-गोबरधन को मंजूरी दी

error: