शेखपुरा, उमेश कुमार : जिले के शिक्षा जगत में ऐतिहासिक कदम। शेखोंपुरसराय क्षेत्र में अब केंद्रीय विद्यालय खुलेगा। इसके लिए निमी ग्राम में 5 एकड़ से अधिक भूमि की लीज प्रक्रिया शनिवार को पूरी कर ली गई।
अपर समाहर्ता श्री लखींद्र पासवान की गरिमामयी उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन एवं पठन-पाठन कार्य हेतु यह भूमि हस्तांतरित की गई है।
कहां और कितनी जमीन :
केंद्रीय विद्यालय के लिए निमी ग्राम स्थित खाता संख्या 527 एवं खसरा संख्या 4506 के अंतर्गत कुल 05 एकड़ 4.547 डिसमिल भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि मॉडल स्कूल, निमी के समीप स्थित है। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे भविष्य में इस पूरे क्षेत्र को एक प्रमुख शैक्षिक हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
कौन रहे मौजूद :
रजिस्ट्री के महत्वपूर्ण अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच) श्री संजय कुमार, जिला निबंधन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी शेखोंपुरसराय, दोनों विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्या बोले अधिकारी :
अपर समाहर्ता श्री लखींद्र पासवान ने बताया कि भूमि की रजिस्ट्री के बाद अब बहुत जल्द केंद्रीय विद्यालय के अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्थायी भवन बन जाने से न केवल शेखोंपुरसराय बल्कि आसपास के कई गांवों एवं जिलों के बच्चों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में “नई क्रांति का आगाज” बताया।
